उधमपुर: शेर ए कश्मीर पुलिस अकैडमी में कोर्स के समापन पर सर्टिफिकेट देते अधिकारी.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। शेर ए कश्मीर पुलिस अकादमी में मानवाधिकार और आपराधिक न्याय प्रणाली विषय पर जारी तीन दिवसीय पाठ्यक्रम शनिवार को संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर पुलिस की विभिन्न शाखाओं के 28 अधिकारियों ने भाग लिया।
इसमें देश के संविधान में निहित मौलिक अधिकारों, संयुक्त राष्ट्र की घोषणाओं, विशेष रूप से बाल अधिकारों पर सम्मेलन, सीईडीएडब्ल्यू, महिलाओं और बच्चों के कमजोर समूहों, आदि पर व्यापक विचार-विमर्श हुआ। पाठ्यक्रम के दौरान आईसीपीआर फेलो डॉ. महेश कौल, जम्मू विवि से कानून विभाग की अध्यक्ष डॉ. सविता नायर, जम्मू-कश्मीर उच्च न्यायालय के अधिवक्ता शेख शकील सहित वक्ताओं ने व्याख्यान दिया।
शनिवार को आयोजित पाठ्यक्रम के समापन भाषण के दौरान अकादमी के सहायक निदेशक (बाहरी) एसएसपी वीके जंवाल ने प्रतिभागी अधिकारियों को प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्राप्त ज्ञान को साथी पुलिसकर्मियों के साथ साझा करने पर जोर दिया। पाठ्यक्रम का संचालन निरीक्षक संजीव गुप्ता और संकाय सदस्य एसआई महमूद अहमद ने किया।