जर्जर सड़क और वाहनों की कमी से अस्पताल पहुंचने में लग गए ढाई घंटे
सत्यालता गांव की घटना, घर की भेड़ ने ले बच्ची की जान
संवाद न्यूज एजेंसी
चिनैनी। चिनैनी के सत्यालता गांव में रविवार को एक भेड़ ने ढाई साल की बच्ची की जान ले ली। उसी के घर की भेड़ ने बच्ची को छाती और सिर पर टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन को बच्ची को अस्पताल ले जाने में ढाई घंटे लग गए और तब तक बच्ची ने दम तोड़ दिया।
चिनैनी के सत्यालता गांव निवासी जगदीश की पुत्री सोनाक्षी अपने घर के आंगन में खेल रही थी कि अचानक भेड़ ने उसे पहले छाती पर और फिर सिर पर जोरदार टक्कर मार दी। जगदीश ने बताया कि सोनाक्षी चार बहनों में सबसे छोटी बेटी थी।
बच्ची को घर से अस्पताल पहुंचाने में करीब ढाई घंटे का समय लग गया। घर से थोड़ी दूर पर सड़क जरूर है, लेकिन उसकी हालत खस्ता है। वाहनों की कमी के चलते परिवार को गाड़ी बुलानी पड़ी, जो आधे रास्ते में ही मिल सकी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
बच्ची के पिता ने बताया कि यह पहली बार था जब भेड़ ने ऐसा हमला किया, इससे पहले उसने कभी किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया था। रविवार को बच्ची का अंतिम संस्कार किया गया। बच्ची की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक छा गया। ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। बच्ची की मौत के बाद गांव में चूल्हे तक नहीं जले।