उधमपुर। जिले में शुक्रवार को कई दिनों के बाद कोई नया कोरोना संक्रमित नहीं मिला है। इससे स्वास्थ्य विभाग को राहत मिली है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कोरोना टेस्ट का काम तेजी से जारी रखा है और हर रोज करीब 500 लोगों के कोरोना टेस्ट किए जा रहे हैं। वहीं, शुक्रवार को कोई व्यक्ति महामारी को मात देने में सफल नहीं रहा है।
जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। हालांकि ज्यादातर कोरोना संक्रमित दूसरे राज्यों से लौटने पर मिल रहे हैं, इनमें ज्यादातर सुरक्षाबलों के जवान हैं। वीरवार को भी दूसरे राज्य से लौटे चार लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे। शुक्रवार को शाम तक जिले में एक भी संक्रमण का मामला सामने नहीं आया। इससे स्वास्थ्य विभाग ने काफी राहत महसूस की है। कोरोना संक्रमितों का पता लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से उधमपुर शहर के साथ रामनगर, चिनैनी, पंचैरी, टिकरी व अन्य कई स्थानों पर लगातार लोगों के कोरोना टेस्ट किए जा रहे हैं। ज्यादातर लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आ रही है।
शुक्रवार को कोई कोरोना को मात देने में कामयाब नहीं हुआ है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 4365 हो गए हैं। इनमें से 4277 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। 57 लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में 31 सक्रिय मामले बचे हैं। इनमें से दस लोगों को होम आइसोलेशन पर रखा गया है। 18 को फोर्स क्वारंटीन पर रखा गया है और तीन का उपचार अस्पताल में चल रहा है।