व्यापार मंडल के चुनावों में मतगणना शुरू होने के साथ ही रुझान भी साफ होने लगे थे। हालांकि देर रात तक मतगणना जारी रही और रुझानों केे अनुसार सुरेंद्र सिंह खालसा शुरू से ही बढ़त बनाए रहे। हालांकि बीच में कमल गुप्ता भी खालसा को चुनौती देते हुए दिखाई दिए। रुझानों को सुनने के बाद टाउन हाल के बाहर ढोल नगाड़े बजने लगे।
दिवाली की तरह आतिशबाजी चलने लगी। हर बैलेट पेपर की छंटनी के दौरान साफ होता गया कि समाज सेवक सुरेंद्र सिंह खालसा आगे जा रहे हैं, जबकि वरिष्ठ उप्रपधान पद के लिए विजय कुमार काफी लीड ले रहे थे। देर रात बाजार में व्यापारियों का हुजूम भी उमड़ा। वोटों की छंटनी के साथ ही उम्मीदवारों को अपनी हार व जीत का अंदाजा होने लगा।
खालसा टीम के सात में से चार उम्मीदवारों के शुरू से ही आगे जाने के कारण अन्य पैनल के लोगों में मायूसी छाई रही। लेकिन सभी मतगणना हाल में डटे रहे। टाउन हाल के बाहर पहले राउंड में भी खालसा के पक्ष में लोगों ने पटाखे चलाए और ढोल बजाए। इस बीच, अफवाहों का भी दौर रहा। सबसे पहले कैशियर पद के लिए मतगणना शुरू हुई।
कुलदीप कुमार का भी इस पद पर बाजी मारना साफ है। शुरू से ही अटकलें लगाई जा रही थी कि सुरेंद्र सिंह खालसा और कमल गुप्ता के बीच कड़ा मुकाबला होगा। इसके अलावा विक्रम सिंह सलाथिया और जुगल किशोर में भी कांटे की टक्कर रही। हालांकि वोटों की छंटनी के साथ मामला धीरे-धीरे साफ होता गया।