उधमपुर। मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन मिलने पर ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं सफलता की मिसाल कायम कर रही हैं। गांव संबल निवासी मीनाक्षी (30) ने ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) से प्रशिक्षण लेकर ब्यूटी पार्लर स्थापित किया और अब आत्मनिर्भर उद्यमी के रूप में उभरी है।
मीनाक्षी की बचपन से ही रुचि ब्यूटी पार्लर के कार्य में थी। उनकी माता भी इस क्षेत्र से जुड़ी थीं। स्नातक के बाद वह घर पर खाली नहीं बैठना चाहती थीं। विवाह के बाद पति ने पूरा सहयोग और प्रोत्साहन दिया। शुरुआत में मीनाक्षी ने सरकारी नौकरियों के लिए आवेदन किया लेकिन सफलता न मिलने पर उन्होंने शौक को ही व्यवसाय में बदलने का निर्णय लिया।
इसी बीच एक मित्र ने उन्हें आरसेटी में प्रशिक्षण की जानकारी दी। इसके बाद मीनाक्षी ने कोर्स किया और करीब एक लाख रुपये की शुरुआती लागत से गांव में ब्यूटी पार्लर खोल लिया।
आज मीनाक्षी हर महीने 25 हजार रुपये से अधिक की आय अर्जित कर रही हैं। इतना ही नहीं उन्होंने अन्य युवती को भी रोजगार प्रदान किया है। मीनाक्षी का कहना है कि आरसेटी से प्रशिक्षण सफलता की मजबूत नींव साबित हुआ।