मुठभेड़ में बलिदान जवान को नमन, डीजीपी ने दिया कंधा
मजालता में बलिदान जम्मू-कश्मीर पुलिस के कांस्टेबल अमजद अली खान को मंगलवार को जिला पुलिस लाइन में राजकीय सम्मान के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की गई। डीजीपी नलिन प्रभात ने पुष्पचक्र अर्पित कर बलिदानी के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। इसके बाद पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव भेज दिया गया। वाहन तक पार्थिव देह को डीजीपी ने भी कंधा दिया। आईजीपी जम्मू भीमसेन टूटी और जिला विकास आयुक्त सलोनी राय, एसएचओ पूरब सिंह ने भी शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए। भीमसेन टूटी ने कहा कि आतंकी मुठभेड़ के बाद जंगल में भाग निकले हैं। जंगल में तीन आतंकी छिपे हैं जिनकी तलाश जारी है।
एलजी ने बलिदानी अमजद और जुबैर को दी श्रद्धांजलि
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पुलिस के बहादुर जवान कांस्टेबल अमजद अली खान को श्रद्धांजलि दी है। उपराज्यपाल ने एक्स पर लिखा, जम्मू-कश्मीर पुलिस के बहादुर जवान कांस्टेबल अमजद अली खान के सर्वोच्च बलिदान को सलाम करता हूं। देश उनके अनुकरणीय शौर्य और कर्तव्य के प्रति निस्वार्थ समर्पण के लिए उनका आभारी रहेगा। इस मुश्किल घड़ी में हम शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े हैं। वहीं, एलजी ने कुपवाड़ा में बलिदान हुए राजोरी के हवलदार जुबैर अहमद के बलिदान पर शोक जताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।
मुठभेड़ के बाद कटड़ा में सुरक्षा बढ़ाई
उधमपुर के मजालता में मुठभेड़ के बाद माता वैष्णो देवी भवन व यात्रा मार्ग के साथ ही कटड़ा में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सोमवार रात से ही पुलिस व सुरक्षाबलों ने धर्मनगरी में चौक-चौराहे पर नाके लगाकर वाहनों की गहन जांच शुरू कर दी है।
कटड़ा के साथ लगती सुरक्षा चौकियों पर भी जांच की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए माता वैष्णो देवी भवन के साथ ही सभी मार्गों पर पुलिस के साथ सीआरपीएफ 6 बटालियन के अधिकारी व जवान तैनात हैं। हरेक पर कड़ी नजर रखी जा रही है। खुफिया एजेंसियां भी सतर्क हैं। वहीं, पुलिस व सुरक्षाबल के अधिकारियों ने बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है। अधिकारियों ने जवानों को पूरी चौकसी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
घोड़ा-पिट्ठू व पालकी वालों के पहचानपत्रों की जांच की जा रही
भवन मार्ग पर घोड़ा-पिट्ठू तथा पालकी वालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। नाके लगाकर पहचान पत्रों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है।