मजालता में धार रोड स्थित बट्टल मानसर मोड़ नाके पर तैनात पुलिस कर्मी।
- नहीं मिला कोई सुराग, कठुआ की ओर छिपे होने की आशंका
संवाद न्यूज एजेंसी
मजालता। तहसील मजालता के चौड़ पांजिया इलाके में चल रहा सर्च ऑपरेशन दूसरे दिन भी जारी रहा। आशंका जताई जा रही है कि आतंकी कठुआ की ओर भाग गए हैं। हालांकि सुरक्षा बलों के हाथ अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है लेकिन एसओजी, पुलिस व सीआरपीएफ की ओर से खबल गांव सहित आसपास के पूरे इलाके की घेराबंदी की गई है।
गौरतलब है कि चौड़ पांजिया पंचायत के खबल गांव में एक घर में दो संदिग्ध के घुसने की सूचना के बाद से इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। बुधवार रात आठ बजे खबल में कुछ संदिग्ध एक घर में घुसे थे और परिवार के लोगों को बंधक बनाकर खाना खाने के बाद उनके मोबाइल लेकर फरार हो गए थे। संदिग्धों के जाने के बाद भी काफी देर तक परिवार के सदस्य डर के मारे घर से बाहर नहीं निकले। जब उन्हें भरोसा हुआ कि अब उनके घर के आसपास कोई नहीं है तो पुलिस को सूचित किया गया।
वीरवार तड़के ही पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई और सुरक्षा बलों की ओर से संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चलाते हुए चप्पा-चप्पा खंगाला जा रहा है। लेकिन शुक्रवार शाम तक आतंकियों का कोई सुराग नहीं लग पाया। वहीं स्थानीय पुलिस ने पीड़ित परिवार के घर का मुआयना भी किया और पूरे घटनाक्रम की जांच करने सहित आसपास के इलाके को भी खंगाला। पीड़ित परिवार के सदस्यों के मुताबिक दो से तीन संदिग्ध हो सकते हैं। जिनमें से एक अचानक घर में घुसा और हमें खाना बनाने के लिए बोला, एक संदिग्ध घर के अंदर था तो बाकी बाहर से निगरानी कर रहे थे। पहले घर में खाना खाया फिर करीब 70 रोटियां और अचार का डिब्बा अपने साथ ले गए। जाते हुए यह बात किसी को न बताने की धमकी भी दी और घर के सभी सदस्यों के मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए।
सूत्रों की मानें सुरक्षा एजेंसियां संदिग्धों की ओर से छीने गए मोबाइल की लोकेशन भी ट्रेस कर रही हैं ताकि उनकी आखिरी लोकेशन को लेकर भी कोई सुराग हाथ लग सके। बताया जा रहा है कि आतंकी कठुआ की ओर भागे हैं। लेकिन एहतियात के तौर पर कठुआ-उधमपुर जिले के सीमांत क्षेत्र के साथ बसंतगढ़ में भी सर्च ऑपरेशन और सुरक्षा अलर्ट जारी है। क्योंकि कठुआ से भागने के बाद आतंकी इस रूट का इस्तेमाल कर बसंतगढ़ पहुंचते हैं और डोडा की ओर भी रुख कर सकते हैं।
इस बारे में उधमपुर रियासी रेंज के डीआईजी रईस मोहम्मद भट ने बताया कि सर्च ऑपरेशन जारी है। कठुआ और उधमपुर के सीमांत क्षेत्र में सर्च आपरेशन जारी है। खासकर बसंतगढ़ को पहले से ही अलर्ट पर रखा गया है।