उधमपुर। शहर के कारगिल हनुमान मंदिर के नजदीक शनिवार शाम को तेज रफ्तार में ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। स्कूटी पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जब घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया तो डाक्टरों ने एक को मृत लाया घोषित कर दिया। ट्रक को पुलिस ने जखैनी इलाके से जब्त कर लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार शाम करीब साढ़े छह बजे तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी (जेके14बी-5889) को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार संजीव कुमार (35) निवासी रहमती, शालो कुमार निवासी तंदाल और सोनू निवासी रहमती गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने संजीव कुमार को मृत लाया घोषित कर दिया। कुछ समय के बाद पुलिस ने ट्रक को जखैनी चौक से जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घटना से गुस्साए लोगों ने दिन के समय ट्रक के शहर के अंदर से गुजरने पर रोष जताया। शहरवासियों का कहना था कि प्रशासन ने करीब दस वर्ष से सुबह आठ से रात आठ बजे तक ट्रकों के शहर के अंदर से गुजरने पर प्रतिबंध लगा कर रखा है, लेकिन नियमों की अवहेलना की जा रही है।