- यूनिफार्म में विद्यार्थियों ने की चदलकदमी, पटरी पर लौटा जनजीवन
- भारतीय सेना की कार्रवाई से दिखे उत्साहित, कहा हमें गर्व है सेना पर
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। पिछले सात दिन से भारत-पाक तनाव के चलते बंद उधमपुर जिले के सभी स्कूल और काॅलेज बुधवार फिर से खोल दिए गए। सुबह जगह-जगह यूनिफार्म में बच्चों की भीड़ से काफी चहलपहल देखने को मिली। स्कूल में जाने को लेकर छात्र उत्साहित दिखे।
इस दौरान दोनों देश के बीच हुए संघर्ष के साक्षी रहे यह बच्चे एक-दूसरे अपने-अपने अनुभव भी साझा करते नजर आए। 7 मई को भारत-पाक के बीच शुरू हुए संघर्ष के दौरान सभी शिक्षण संस्थानों को सुरक्षा एहतियात के चलते बंद कर दिया गया था। हालांकि मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में सभी शिक्षण संस्थानों को फिर से बहाल कर दिया गया था। लेकिन सीमावर्ती इलाकों से जुड़े जिलों सहित उधमपुर के शिक्षण संस्थानों को खोलने की अनुमति नहीं दी गई। हालांकि उधमपुर जिला सीमावर्ती इलाके में नहीं आता है। लेकिन उधमपुर में सेना की सबसे बड़ा कमान उत्तरी कमान मुख्यालय, एयरफोर्स स्टेशन, सैन्य शिविर स्थापित होने की वजह से काफी महत्वपूर्ण और संवेदनशील जिलों में आता है। उस पर भारत पाक संघर्ष के दौरान पाकिस्तान द्वारा हवाई हमले के माध्यम से उधमपुर को निशाना बनाने के किए असफल प्रयासों के चलते भी विशेष एहतियात बरती गई।
बुधवार को सभी सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ उधमपुर जिले के भी सभी स्कूलों को खोल दिया गया था। जिसके चलते सुबह होते ही जगह-जगह स्कूल यूनिफार्म में बच्चों की काफी चहलपहल देखने को मिली। बाजारों में भी काफी भीड़भाड़ देखने को मिली जिससे उधमपुर में जनजीवन सामान्य रूप से पटरी पर लौटता नजर आया। वहीं स्कूल बंद होने की वजह से जहां बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई तो वहीं खेल गतिविधियां भी स्थगित कर दी गई थी। स्कूल खुलते ही शिक्षकों को भी गर्मियों की छुट्टियों से पहले पाठ्यक्रमों को समय पर कवर करने के निर्देश दिए गए हैं और खेल मुकाबलों को लेकर भी बच्चों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
यह अनुभव जिंदगी भर नहीं भूल पाएंगे
स्कूल जा रहे अनीश, विपुल, राकेश, राहुल, अर्जुन व मुजाहिर ने कहा कि स्कूल खुलने पर काफी खुश हैं। लेकिन भारत-पाक संघर्ष के दिनों में अनुभव हासिल हुआ है वो जिंदगी भर नहीं भूल पाएंगे। आसमान में चल रहे दोनों देशों के साक्षात संघर्ष को देखकर हुए जहां पहले खौफ और डर का माहौल बना रहा तो वहीं भारतीय सेना की जवाब कार्रवाई ने उनके हौसले बुलंद कर दिए उन्हें अपनी सेना पर गर्व है।
इस बारे में चीफ एजुकेशन आफिसर कमल किशोर बडयाल ने बताया कि सभी स्कूल सामान्य रूप से खोल दिए गए हैं। इस दौरान स्थगित हुई विभिन्न गतिविधियों को रिशेड्यूल किया जा रहा है। खासकर बच्चों के पाठ्यक्रम का समय पर पूरा करने और बच्चों पर बोझ न पड़े, इसका भी ध्यान रखा जा रहा है।