उधमपुर। कोरोना काल के लंबे अंतराल के बाद स्कूलों में कक्षाओं का संचालन शुरू होने से विद्यार्थी वर्ग काफी खुश व उत्तसाहित नजर आ रहा है। पहले दिन स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या शत प्रतिशत नजर आई। स्कूल प्रबंधन की ओर से भी स्कूलों में कक्षाओं के सुचारू संचालन को लेकर विशेष तैयारियां की गई थी। कोविड-19 के तहत जारी की गई गाइडलाइन के पालन को लेकर स्कूलों में सेनिटाइजर, मास्क व शारीरिक दूरी बनाए रखने का विशेष ध्यान रखा गया था।
वहीं स्कूलों में पंहुचे छात्र अपने सहपाठियों, शिक्षकों व दोस्तों से मिलकर काफी खुश नजर आए। सभी में विशेष जोश व उमंग देखने को मिली। वहीं शिक्षकों में भी काफी उत्साह देखने को मिला। उनका कहना था कि कई महीनों से वीरान पडे स्कूल गुलजार हो उठे हैं। वहीं लंबे समय के बाद स्कूलों में पंहुचे छात्रों का कहना था कि स्कूल खूलने से उन्हें काफी खुशी हुई है। अब वह अच्छे से अपनी शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं। इससे मानसिक तौर भी काफी राहत मिलेगी। वहीं स्कूल प्रबंधन का कहना है कि स्कूलों में आफलाइन कक्षाओं के संचालन को लेकर सभी जरूरी व एहियाती प्रबंध किए गए हैं। विद्यार्थियों की संख्या को नियंत्रित रखने तथा कक्षाओं में शरीरिक दूरी बनाए रखने को लेकर सभी कक्षाओं को दो सत्रों में विभाजित किया गया है। पहला सत्र सुबह 9 बजे से 12 बजे तक चलाया गया है। जबकि दूसरा सत्र 12 बजे से लेकर 3 बजे तक संचालित किया गया है। स्कूल में हैंड सेनिटाइजर का इस्तेमाल, मास्क पहनने जैसे कोविड-19 नियमों का भी कडाई से पालन किया जा रहा है। स्कूल स्टाफ के सभी सदस्यों को इसके लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।
ऑनलाइन शिक्षा से बेहतर ऑफलाइन शिक्षा है। दोबारा से यारों दोस्तों के साथ भी समय बिताने व साथ पढने का मौका मिला है। काफी खुश हैं। साथ ही घर के अंदर बैठकर ऑनलाइन कक्षाओं की बोरियत से भी राहत मिली है।
-जसबीर सिंह, छात्र, 11वीं कक्षा
ऑनलाइन कक्षाओं में बहुत सी खामियां हैं। जिससे वह बेहतर तरीके से शिक्षा हासिल नहीं कर पा रहे थे। कई बार नेटवर्किंग की समस्या पेश आती थी। कहीं लिंक ओपन नहीं हो पाते थे। जबकि कई विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं होने से उक्त विषय की कक्षा ही नहीं लगती थी। स्कूल खूलने से इन सभी समस्याओं से राहत मिली है।
-अंश सिंह, छात्र, 11वीं कक्षा
स्कूलों में ऑफलाइन कक्षाएं शु्रू होने से उनकी शिक्षा में सुधार आएगा। क्योंकि ऑनलाइन कक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए जिन बेसिक चीजों की जरूरत होती हैं। उसमें अभी बहुत सी त्रुटियां हैं। नेटवर्क की स्पीड़ कम है। एंड्रायड मोबाइल व लैपटाप हर किसी के पास उपलब्ध नहीं हैं।
-पंकज शर्मा, छात्र, 11वीं कक्षा
स्कूलों में कक्षाएं शुरू होने से वह परीक्षा की तैयारी अच्छे से कर पाएंगे। कोविड-19 से बचाव को लेकर स्कूलों में एहितायत के उचित प्रबंध किए गए हैं। सभी विद्यार्थियों में भी काफी उत्साह है। मानसिक व शाररिक विकास के लिए ऑफलाइन कक्षाएं बेहतर हैं।
-शुभम दीवान, छात्र, 11वीं कक्षा