चिनैनी। लंबित मांगों के समर्थन में सफाई कर्मियों की हड़ताल 10वें दिन भी जारी रही है, जिस कारण कस्बे में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, सफाई कर्मियों ने धरना-प्रदर्शन कर सरकार से जल्द मांगों को पूरा करने की अपील की है।
कस्बे में सफाई नहीं होने से बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ता जा रहा है। बुधवार को भी अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ चिनैनी के प्रधान बिट्टू के नेतृत्व में कर्मियों ने मांगों को उजागर किया। इस दौरान शौकत अली, रफीक, जावेद, मकसूद, राजू और टीटू आदि मौजूद रहे। इस मौके पर व्यापार मंडल के पूर्व प्रधान राजेश गुप्ता सफाई कर्मचारियों से मिले और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कर्मियों की मांगों को जायज बताते हुए उपराज्यपाल से जल्द कदम उठाने की अपील की है।