- घोड़ा, पिट्ठू, पालकी, बैटरी कार और हेलीकॉप्टर सेवाएं सुचारु रूप से संचालित की जा रहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। प्रथम नवरात्र के शुभ अवसर पर माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। दुर्गा अष्टमी से पहले ही कटड़ा में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। नगर के श्रीधर चौक पर मां भगवती का गुणगान शुरू हो गया है जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
माता वैष्णो देवी भवन में इस बार विशेष रूप से छत्र चंडी महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। मंदिर परिसर को सुंदर फूलों से सजाया गया है जिससे भक्तों को अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त हो रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घोड़ा, पिट्ठू, पालकी, बैटरी कार और हेलीकॉप्टर सेवाओं को सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई खास इंतजाम किए हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
कटड़ा के मुख्य चौक-चौराहों पर पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों की तैनाती की गई है। ड्रोन व सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी बढ़ा दी गई है। हर प्रवेश द्वार पर चेकिंग की जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। कटड़ा के अन्य मंदिरों को भी विशेष रूप से सजाया गया है। श्रद्धालुओं में माता वैष्णो देवी के दरबार में हाजिरी लगाने को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें। प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
पहले दिन से शुरू हुई श्रीधर चौक में दुर्गा पूजा
कटड़ा। नवरात्र के प्रथम दिन कटड़ा के मुख्य बस स्टैंड पर श्रीधर चौक के समीप स्थापित किए गए विशाल पंडाल में पवित्र ज्योति के समक्ष मंत्र उच्चारण के बीच पूजा-अर्चना की गई। विशाल दुर्गा पंडाल में पूरे चैत्र नवरात्र में पूजा-अर्चना चलेगी। इसका आयोजन दुर्गा पूजा समिति करवा रही है। समिति 23 वर्षों से निरंतर पूजन का आयोजन करती आ रही है। पंडाल में मां दुर्गा के साथ महालक्ष्मी, महाकाली, मां सरस्वती, भगवान शिव आदि देवी-देवताओं की मूर्तियां सुसज्जित की गई हैं। यहां नवरात्र के दौरान सुबह-शाम विशेष आरती होगी।
देश भर से मां वैष्णो देवी के दर्शन को श्रद्धालु पहुंचे रहे हैं। इससे पहले कटड़ा के ऐतिहासिक रघुनाथ मंदिर से मुख्य अतिथि पुजारी परिवार के सदस्य नरेश पुजारी ने पवित्र ज्योति को उठाकर शोभायात्रा के रूप में भजन संकीर्तन करते हुए विशाल पंडाल में पहुंचे और ज्योति को वहां स्थापित किया। इस मौके पर कटड़ा नगर पालिका पूर्व अध्यक्ष विमल इंदु, पूर्व पार्षद राजेश सदेात्रा, संजय अरोड़ा, दुर्गा पूजा समिति के प्रधान दीपक परोच, विनय हीरा, राजेंद्र हीरा, राजू पराशर, राहुल गंडोत्रा, मीनू गंडोत्रा आदि मौजूद रहे।