उधमपुर। ब्लाॅक मजालता के अंतर्गत गांव संडू में लंबे समय बाद सड़क की समस्या खत्म होने जा रही है। गली से मोहल्ला डोगरियां तक सड़क पर तारकोल बिछाने के लिए 60 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। लोक निर्माण विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
स्थानीय बोध राज, रोशन दीन, नीरज शर्मा, विवेक कुमार व अन्य क्षेत्रवासियों के मुताबिक खराब सड़क के कारण भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। बरसात में कीचड़ और गड्ढों से भरी सड़क के कारण पैदल चलना मुश्किल हो जाता था। स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को खास तौर पर परेशानी उठानी पड़ती थी। कई बार एंबुलेंस और अन्य वाहन समय पर नहीं पहुंच पाते थे। ब्लैकटॉपिंग के बाद सड़क पूरी तरह मजबूत बनेगी। इससे आवाजाही सुगम होगी और राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया है।