कुद से लद्दा को जोड़ने वाली सड़क की खस्ता हालत से परेशान लद्दा के ग्रामीणों ने सलाथिया चौक पर पीएमजीएसवाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी सड़क की मरम्मत करवाने की मांग कर रहे थे। बुधवार की सुबह साढ़े ग्यारह बजे के करीब लद्दा के ग्रामीण पैंथर्स पार्टी के बैनर तले पीएमजीएसवाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे पैंथर्स नेता धनीराम अत्री ने कहा कि विभागीय लापरवाही का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।
आठ माह से मार्ग की खस्ता हालत के कारण लोगों को मार्ग से गुजरना मुश्किल होता जा रहा है। कई बार विभागीय अधिकारियों को मार्ग की खस्ता हालत की जानकारी दे चुके हैं, लेकिन सिवाय आश्वासन के कुछ नहीं मिला। इस कारण उन्हें मजबूर होकर प्रदर्शन करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इसी मार्ग से गुजरकर क्षेत्र के बच्चे स्कूलों की ओर जाते हैं। मार्ग की खस्ता हालत के कारण उन्हें स्कूल तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। मार्ग पर कीचड़ होने के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है, लेकिन विभागीय अधिकारी लोगों की समस्या का समाधान करने के बजाय आंखें मूंद कर तमाशा देख रहे हैं, लेकिन इस बार लोग विभागीय लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करने वाले हैं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर पंद्रह दिन के भीतर मार्ग की स्थिति को ठीक नहीं किया गया तो वह विभागीय कार्यालय का घेराव करने पर मजबूर हो जाएंगे। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे।