संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक पवन कुमार गुप्ता ने बुधवार को वार्ड नंबर 21 के दंदयाल में मुख्य सड़क पर तारकोल बिछाने के काम का शुभारंभ किया। यह परियोजना क्षेत्र में सड़क संपर्क और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
जनसभा को संबोधित करते गुप्ता ने कहा कि लंबे समय से दंदयाल जैसे क्षेत्रों में लोगों को खराब सड़कों की परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। यह काम नागरिकों से किए गए वादों को निभाने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें न केवल सुविधा देती हैं, बल्कि विकास की नींव भी होती हैं। इस मौके पर गुप्ता ने स्थानीय नागरिकों से भी बातचीत की और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान का आश्वासन दिया।
विधायक ने कहा कि इसी तरह अन्य वार्डों में भी विकासात्मक कार्य जल्द ही शुरू किए जाएंगे, ताकि हर क्षेत्र को समान विकास मिले। इस अवसर पर भाजपा सचिव उधमपुर रोहित सेठी, राम लाल लंबरदार, अशोक कुमार, अनिल इंदर ,विकास, कमलजीत, अंकुश, हेमराज, अश्वनी कुमार, और रतन लाल भी उपस्थित थे।