उधमपुर। विधायक पवन कुमार गुप्ता ने वीरवार को हरतरयान में देहैल से बकल तक बनने वाली सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवाया। नाबार्ड के तहत लोगों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए 285.34 लाख की लागत से सड़क तैयार की जाएगी।
इससे ग्रामीण क्षेत्र का सड़क संपर्क बेहतर हो पाएगा। आम नागरिकों की आवश्यक सेवाओं व सुविधाओं तक पहुंच आसान हो जाएगी। उद्घाटन के अवसर विधायक के साथ जिला विकास परिषद (डीडीसी) के चेयरमैन लाल चंद भी मौजूद थे। गुप्ता ने कहा कि यह सड़क निर्माण ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सरकार गंभीरता से आधारभूत ढांचे को मजबूत करने हेतु कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि काम की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण शुरू होने पर प्रसन्नता जताई और विधायक का धन्यवाद किया।