-सड़क से पस्सी को हटाने का काम तीसरे दिन भी रहा जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
किश्तवाड़। जिले में किश्तवाड़-पाडर मार्ग तीसरे दिन भी बंद रहा। इससे दूसरे जिलों से आए चिटो पाडर यात्रियों को पत्थरनक्की में गिरी पस्सी को पैदल पार कर जाना पड़ा। इस दौरान जिला प्रशासन के अधिकारियों के अलावा डीएसपी मुख्याल्य ईशान गुप्ता उपस्थित रहे।
लगभग एक हजार से अधिक यात्री सोमवार को सरकूट मंदिर किश्तवाड़ पहुंचे थे। जहां रात्रि विश्राम कर मंगलवार सुबह पाडर चिटो के लिए रवाना हुए। इन्हें पत्थरनक्की में मार्ग पर गिरी पस्सी को पैदल पार करना पड़ा। माता मचैल और मिंदल यात्रा के कई यात्रियों ने भी पैदल सफर किया। जिला उपायुक्त ने चिटो यात्रियों को किश्तवाड़ में ही रुकने के लिए कहा था, परंतु यात्रा प्रबंधकों ने कहा कि हम पैदल ही जाएंगे। यात्रा नहीं रुकेगी।
वहीं, गुलाबगढ़ पाडर में सर्व शक्ति सेवक संस्था ने फंसे मचैल और मिंदल यात्रियों के लिए लंगर लगाया। सड़क से पस्सी को हटाने का काम तीसरे दिन भी जारी रहा। इसमें एक-दो दिन और लग सकते हैं।