उधमपुर। जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित जखैनी चौक पर एक सडक हादसा सामने आया है। जानकारी के अनुसार, एक ट्रक गलत लेन से आ रहा था। नाके पर मौजूद पुलिस ने ट्रक चालक को निर्देश दिया कि वह ट्रक को दूसरी ओर ले जाए। चालक जब ट्रक को बैक कर रहा था उसी दौरान सत्ती नाम का एक व्यक्ति ट्रक की चपेट में आ गया। हादसे में घायल व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे तत्काल इलाज के लिए जीएमसी उधमपुर लाया गया। बताया जा रहा है कि घायल व्यक्ति पंजाब का रहने वाला है और यहां पर काम करता है। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद