चिनैनी। कोरोना काल शुरू होने के दो वर्ष बाद तक चिनैनी की रामलीला पर भी विराम लगा रहा। लेकिन, इस बार नवरात्र में रामलीला का आयोजन चिनैनी रामलीला चौक में होगा। इसको लेकर पुराने व नए कलाकार रिहर्सल में जुट गए हैं।
इस बार भगवान श्रीराम की भूमिका में राजेश चंद नजर आएंगे, जो 30 वर्ष बाद रामलीला मंच पर कदम रखेंगे। राजेश ने वर्षों तक लक्ष्मण और उसके बाद श्रीराम का किरदार निभाया है। इसके बाद वह नौकरी के लिए जम्मू चले गए। अब 30 वर्ष बाद चिनैनी की रामलीला में वह मुख्य किरदार में होंगे और युवाओं को प्रेरित करेंगे। जबकि, बाकी मुख्य किरदारों में भी पुराने कलाकार दिखेंगे। इसको लेकर वे प्रतिदिन रिहर्सल भी कर रहे हैं।
रामलीला मंच पर लक्ष्मण का किरदार अमित अबरोल निभा रहे हैं। जबकि, माता सीता का किरदार सोहित अदा करेंगे। वहीं, हनुमान के रूप में विजय सिंह और रावण की भूमिका में देशबंधु नजर आएंगे। दो वर्षों तक चिनैनी में रामलीला का मंचन न होने से कलाकारों में भी मलाल था। लेकिन, इस बार रामनवमी धूमधाम से मनाने के लिए रामलीला कमेटी के सदस्य जुट चुके हैं। रामलीला शुरू करने के समय से लेकर रामलीला संपन्न होने का समय भी निर्धारित कर दिया गया है ।
-------
किरदार निभाने के लिए युवाओं को भी प्रेरित कर रहे कलाकार
श्रीराम की भूमिका निभाने वाले राजेश चंद ने कहा कि 30 वर्ष पहले वह लक्ष्मण और उसके बाद श्रीराम की भूमिका निभाते रहे हैं। इस बार कमेटी ने उन्हें श्रीराम की भूमिका सौंपी है, जिसे निभाने के लिए वह रोज रिहर्सल कर रहे हैं। मन में उत्साह भी है और 30 साल बाद मंच पर उतरकर श्रीराम की भूमिका निभाने की जिम्मेदारी भी।
लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले अमित अबरोल ने कहा कि वह 15 सालों से लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। कोरोना काल में दो वर्ष तक रामलीला का मंचन नहीं हुआ। मगर, इस बार उत्साह के साथ रामलीला में अच्छा किरदार अदा करने की जिम्मेदारी है, ताकि युवा प्रेरित हों और वह भी आगे आएं। हनुमान के रूप में दिखने वाले वाले विजय सिंह ने कहा कि वह तीन बार श्री हनुमान का किरदार निभा चुके हैं। इस रोल को निभाने के लिए कई तरह की पाबंदियां होती हैं, और प्रभु की कृपा से रामलीला के मंच पर उन्हें इस रोल को अदा करने में कोई परेशानी नहीं होती। दो वर्ष बाद फिर से मंच पर उतरने में कई चुनौतियां हैं, जिन्हें बखूबी निभाएंगे।
रावण की भूमिका निभाने वाले देशबुंध ने कहा कि वह 10 वर्षों से रावण की भूमिका अदा कर रहे हैं। युवाओं को सिखाना और भविष्य में भी युवाओं को तैयार करने की जिम्मेदारी उनकी है। रोज रिहर्सल की जा रही है, जिसमें युवा भी पहुंच रहे हैं और पुराने कलाकारों से सीख रहे हैं। वे दूसरे किरदारों की इच्छा भी जता रहे हैं। माता सीता की भूमिका निभाने वाले सोहित शर्मा पहले भी इस किरदार में अभिनय कर चुके हैं। इस बार भी रामलीला कमेटी ने उनको चुना है। सोहित ने भी सहमति जताई है।
चिनैनी रामलीला में लक्ष्मण की भूमिका अमित अबरोल:- संवाद- फोटो : UDHAMPUR
चिनैनी रामलीला में हनुमान की भूमिका विजय सिंह- संवाद- फोटो : UDHAMPUR
०निनी रामलीला में रावण की भूमिका निभाने वाले देश बंधु- संवाद- फोटो : UDHAMPUR
चिनैनी रामलीला में सीता की भूमिका निभाने वाले सोहित- संवाद- फोटो : UDHAMPUR