नगर परिषद द्वारा अतिक्रमण रोकने के चलते अवैध रूप से लगी रेहड़ियों को बाजारों से हटाया गया। परिषद के कर्मचारियों ने शहर के मुख्य बाजारों में घूम कर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की। विभाग द्वारा इस दौरान दर्जनों रेहड़ियां जब्त की गईं।
शहर के बाजारों में बढ़ते अतिक्रमण के कारण यातायात काफी बाधित हो रहा है। अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर परिषद द्वारा बस स्टैंड में अवैध रूप से लगी रेहड़ियों पर सख्त कार्रवाई की गई। बस स्टैंड के बाहर खड़ी दर्जनों रेहड़ियाें को नगर परिषद द्वारा जब्त किया गया।
गोल मार्केट, मुखर्जी बाजार, लाल चौक व अन्य बाजारों में खड़े रेहडी़ वालों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। गौरतलब है कि बाजारों में अवैध खड़ी रेहड़ियों के कारण अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। जाम से निपटने के लिए पुलिस के सहयोग से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है।
मौके पर मौजूद नगर परिषद अधिकारी ने बताया कि बस स्टैंड के बाहर रेहड़ियों द्वारा सबसे ज्यादा अतिक्रमण किया गया है। कई बार इन रेहड़ी वालों को चेतावनी दी गई। अब मजबूर होकर रेहड़ियों को जब्त किया गया है। अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसमें कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।