उधमपुर। शहर के बस अड्डे पर अतिक्रमण की समस्या को दूर करने के लिए वीरवार को नगर परिषद ने अवैध रेहडी-फड़ी हटाओ अभियान चलाकर कई रेहड़ी वालों को जुर्माना किया।
बिना लाइसेंस के रेहड़ी लगाने वालों को सख्त चेतावनी दी गई कि वे बिना अनुमति के बस स्टैंड पर कोई भी रेहड़ी व फड़ी न लगाएं। ऐसा करने पर अगली बार उनका सामान भी जब्त कर लिया जाएगा। नगर परिषद के अधिकारियों ने बताया कि बार-बार समझाने के बाद भी अवैध रूप से बस स्टैंड पर अवैध रेहड़ियों की संख्या में कमी नहीं आ रही है। इसके चलते यहां गंभीर जाम लगने के साथ ही आसपास के दुकानों का कामकाज भी प्रभावित होता है। यात्रियों और चालकों को भी यहां परेशानी का सामना करना पड़ता है, इसलिए अब जुर्माना लगाकर कार्रवाई की गई है। अगली बार सामान जब्त किया जाएगा।
इस संबंध में नगर परिषद के टैक्स इंस्पेक्टर रामपाल ने बताया कि हम दो दिन से बस स्टैंड पर अवैध रूप से रेहड़ी लगाने वालों से आग्रह कर रहे हैं कि वे यहां रेहड़ी न लगाएं लेकिन इसके बावजूद भी ये लोग बाज नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड ही नहींं, पूरे शहर में कहीं भी बिना लाइसेंस कर रेहडी लगाने की अनुमति नहीं हैं। वर्तमान में त्योहारी सीजन चल रहा है और बिना लाइसेंस वाली रेहड़ियां बीच बाजारों में जाम आदि की समस्या को बढ़ा रही हैं, इसलिए अब इनके खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया गया है। आज बस स्टैंड पर छह रेहड़ियों का चालान काटा गया है। अगर अब भी ये लोग नहीं माने तो अगली बार इनका रेहड़ियों के साथ सामान भी जब्त किया जाएगा।