रियासी। युवा सेवा एवं खेल विभाग ने वीरवार को अंतर विद्यालय क्षेत्रीय स्तरीय प्रतियोगिता करवाई। कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल के मुकाबलों में 27 विद्यालयों से 445 विद्यार्थी शामिल हुए। अंडर 14 लड़कों की कबड्डी के फाइनल में गैलेक्सी एकेडमी ने गुरुकुल पब्लिक स्कूल को एक अंक से हराया। खो-खो में हेरिटेज पब्लिक स्कूल ने एमएस सरना को एक अंक को मात दी। वॉलीबॉल में जीएचएस कैंबल डंगा ने गैलेक्सी एकेडमी को 2-1 से शिकस्त दी।
प्रतियोगिता से उभरते हुए खिलाड़ियों को प्रतिभा और प्रतिस्पर्धात्मक भावना प्रदर्शित करने के लिए जीवंत मंच मिला। मैच शुरू होने से पहले सभी प्रतिभागियों और अधिकारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई ताकि मादक द्रव्यों के सेवन के विरुद्ध जागरूकता फैलाई जा सके और विद्यार्थियों को स्वस्थ व अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।
क्षेत्रीय शारीरिक शिक्षा अधिकारी आशा देवी ने कहा कि खेल युवाओं को सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, चरित्र और टीम भावना के निर्माण में सहायक होते हैं।