रियासी। तलवाड़ा कॉलोनी में रह रहे विस्थापितों ने आतंकियों के हाथों मारे गए अपने परिजनों और रिश्तेदारों को श्रद्धांजलि दी। विस्थापित परिवारों ने कहा, 28 वर्ष पहले आतंकियों ने मारा, अब सरकार मार रही है।
17 अप्रैल 1998 को आतंकियों के हाथों 27 लोगों को जान गंवानी पड़ी थी। उस समय ग्रामीणों को पलायन करना पड़ा था। शुक्रवार को स्थानीय क्लब में हुए कार्यक्रम में विस्थापितों ने नम आंखों से दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी। विस्थापित परिवारों ने मृतक ग्रामीणों की तस्वीरों पर पुष्प चढ़ाए। उन्होंने कहा कि अब मौजूदा सरकार मारने पर तुली हुई है। सरकार की तरफ से सहायता नहीं दी जा रही है। तीन महीनों से खातों में एक रुपया भी नहीं आया है। राशन भी नहीं मिला है। जिन क्वार्टरों में वह रह रहे है उसकी हालत खस्ता है। विस्थापितों ने सरकार के प्रति गहरी नाराजगी जताते कहा कि वह लोग कई दिनों से शांतिपूर्वक धरना दे रहे हैं। अगर जल्द सुनवाई नहीं हुई तो सड़कों पर उतर आएंगे।