अठारह मिनट चले बड़ी माली के मुकाबले में जम्मू के राजेश पहलवान को दी पटकनी
बराबरी पर छूटा दूसरी माली का मुकाबला
संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। तहसील भमाग की पंचायत सूजनधार के मोड़ा खारकाकोट कोटली लाजपत में सोमवार को पहले विशाल दंगल का आयोजन हुआ। इसमें जम्मू के कोट भलवाल के पहलवान कुलबीर सिंह ने जम्मू के राजेश शर्मा को पटकनी देकर पहली बड़ी माली पर कब्जा जमाया है।
दोनों के बीच लगभग अठारह मिनट तक मुकाबला चला, जिसका दर्शकों ने खूब लुत्फ उठाया है। विजेता पहलवान को 12 हजार और उपविजेता पहलवान को नौ हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। दूसरी माली का मुकाबला जम्मू-कश्मीर पुलिस के पहलवान बबलू और कठुआ के भागू के बीच हुआ।
21 मिनट तक चले मुकाबले का कोई नतीजा नहीं निकला, जिसके बाद आयोजकों ने दोनों पहलवानों के बीच में अठारह हजार रुपये की राशि को बराबर बांट दिया। तीसरी कुश्ती में रियासी के मदन सिंह ने आरएस पुरा के अमित को हरा कर नौ हजार रुपये जीते। वहीं, उपविजेता पहलवान को छह हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।
दंगल में डीडीसी सर्राफ सिंह नाग मुख्य अतिथि और समाज सेवक सोनू ठाकुर व सब इंस्पेक्टर अमित सिंह विशेष अतिथि थे। दंगल का आयोजन स्थानीय दंगल कमेटी की तरफ से इंडियन स्टाइल ऑफ रेसलिंग एसोसिएशन के सहयोग से करवाया गया। इस मौके पर एसोसिएशन के प्रधान शिव कुमार शर्मा, चेयरमैन नसीब सिंह, प्रधान प्यार सिंह और प्रीतम सिंह आदि मौजूद रहे। दंगल में करीब 75 कुश्तियां हुईं।