रामनगर। तहसील बसंतगढ़ की पंचायत चकाल के गांव अरटाल मोड़ा राशोउ में बिजली विभाग की लापरवाही के कारण ग्रामीण पिछले पांच दिन से अंधेरे में जीवन बिताने को मजबूर हैं। सोमवार को आंधी-तूफान के कारण कई खंभे क्षतिग्रस्त हो गए जबकि तार टूटकर जमीन पर गिर गए। इसके बाद से बिजली आपूर्ति ठप है। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारियों को समस्या से अवगत करवाने के बावजूद समाधान नहीं निकला है।
पूर्व पंच दर्शन कुमार, सुदेश कुमार, करतार चंद, प्रकाश चंद्र, हंस राज, धनी राम और बोध राज ने बताया कि 100 से अधिक घरों में बिजली नहीं है। रात में पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब जाता है जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और लोगों को दैनिक कार्यों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रात में चांद की रोशनी के सहारे जीवनयापन करने को मजबूर होना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में बिजली न होने से मुश्किलें बढ़ गई हैं।
पशुओं और बच्चों पर मंडरा रहा खतरा
जमीन पर गिरे तार बच्चों और पशुओं के लिए बड़ा खतरा बने हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की ओर से केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं लेकिन मौके पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। ग्रामीणों ने प्रशासन, बिजली विभाग तथा जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि जल्द बिजली व्यवस्था बहाल की जाए, टूटे पोल बदले जाएं और खुले तार को तुरंत ठीक किया जाए।
-
कई बार विभाग को सूचना दी लेकिन अभी तक कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा। लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं।
-दर्शन कुमार, पूर्व पंच
मोबाइल तक चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। विभाग को जल्द खंभे लगाकर बिजली बहाल करनी चाहिए ताकि लोगों को राहत मिल सके।
-चंद्र प्रकाश, ग्रामीण
खुले तार जमीन पर पड़े हैं जिससे बड़ा हादसा हो सकता है। बच्चे और पशु हर समय खतरे में हैं। प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।
-धनी राम, ग्रामीण