संवाद न्यूज एजेंसी
रामनगर। कस्बे के मुख्य बाजार के बीच एक बड़ा गड्ढा होने से दुकानदारों की परेशानी बढ़ गई है। दुकानदारों ने गड्ढे की मरम्मत के साथ नाली के बीच पड़ी पानी की पाइप को ऊपर उठाने की मांग की है ।
दुकानदार अशोक कुमार, सोनू चौधरी, मुन्ना गुप्ता, ज्योति कुमार, राजेश कुमार, रमन गुप्ता अन्य दुकानदारों ने बताया मुख्य बाजार में पिछले कुछ वर्ष पहले नगर पालिका ने मुख्य बाजार मार्ग का निर्माण कार्य करवाया था और मार्ग के बीचो-बीच नाली भी बनाई थी लेकिन इस नाली में पीएचई विभाग ने पानी की पाइप भी बिछाई थी लेकिन नाली में पड़ी पानी की पाइप के कारण नाली में गंदगी जमा हो जाती थी।
इसके चलते नाली के ऊपर लगे जंगले में से गंदा पानी बाहर निकलता था और यह गंदा पानी बह कर दुकानों के अंदर चला जाता था दुकानदारों ने इस समस्या से निजात पाने के लिए खुद दुकानदारों ने नली के ऊपर लगे जगले को उखाड़ कर नली के अंदर से जमा मलबे को बाहर निकाला और तब जाकर गंदा पानी से निजात मिली थी।
दुकानदारों ने बताया यह समस्या पिछले छह माह से आ रही थी। उन्होंने बताया बरसात का पानी उफान पर होता था तो पानी नाली में जाता लेकिन नाली के बीच पानी की पाइप होने की वजह से मलवा इकट्ठा होकर पाइप की वजह से फंस जाता था। उन्होंने नगर पालिका तथा जल शक्ति विभाग को पानी की पाइप नाली से ऊपर उठने की मांग की है ताकि नाली में मलवा न फंसे और दुकानदारों को समस्या से निजात मिले। साथ में मार्ग पर गड्ढे को जल्द मरम्मत करने की मांग उठाई है।