रामनगर। उपमंडल के बाजारों में पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं होने से दुकानदार काफी परेशान हैं। उनका कहना है कि पार्किंग न होने से लोग दुकानों के आगे और बाजारों की सड़कों पर कहीं भी वाहन खड़े करके चले जाते हैं।
इस वजह से एक तो बाजार में जाम की समस्या पेश आती है, दूसरा दुकानों तक पहुंचने में ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय दुकानदार कपिल खारका, विशाल गुप्ता, सतपाल, सूरम चंद खजूरिया, मोहन टेलर व अन्य ने बताया कि दुकानों के आगे वाहन खड़े होने से कई बार ग्राहक दुकानों पर आने की बजाय वापस चले जाते हैं।
यह रोज की समस्या है जिसके चलते उनका कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा दुकानों के आगे वाहन लगाने से मना करने पर कई लोग झगड़ा करने पर उतारू हो जाते हैं। इसलिए उनकी मांग है कि रामनगर में जल्द से जल्द पार्किंग की व्यवस्था की जाए ताकि दुकानदारों को पेश आ रही समस्या का समाधान हो सके।