रामनगर। तहसील बसंतगढ़ के रसली ठकराई और रसली गदेरन इलाके में स्वास्थ्य विभाग की कोई भी डिस्पेंसरी नहीं होने पर ग्रामीणों को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को बसंतगढ़ अस्पताल में उपचार के लिए जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने सरकार से डिस्पेंसरी खोलने की मांग की है।
पैंथर्स पार्टी के युवा नेता पवन रासल, गणेश कुमार, श्यामलाल, राकेश कुमार, मुनीश शर्मा, करनैल सिंह, ओंकार सिंह, कमल सिंह अन्य ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत रसली ठकराई, पंचायत रसली गदेरन के लोग स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित हैं। पवन रासल ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्र में पडते दोनों पंचायतों में मजोड़ी, मलका,गंध, हुंडी,थ्रू, शेडता, कल्या, थाली, सेल,थर्मल, बलोट,डल, जलाडी अन्य इलाके आते हैं। इन दोनों पंचायत में लगभग 15,000 की आबादी है। अभी तक इन दोनों पंचायत में स्वास्थ्य केंद्र की सुविधा लोगों को नहीं मिल पाई है।
उन्होंने बताया कि अगर कोई ग्रामीण बीमार हो जाता है तो उसे उपचार के लिए 30 किलोमीटर दूर बसंतगढ़ या 40 किलोमीटर दूर रामनगर अस्पताल में जाना पड़ता है। अगर स्वास्थ्य विभाग इन दोनों पंचायतों के बीच डिस्पेंसरी खोल दे तो ग्रामीणों को इसका लाभ मिलेगा। संवाद