रामनगर। तेज बारिश के कारण रविवार की सुबह रामनगर-बसंतगढ़ मार्ग के कई हिस्सों पर पहाड़ से मलबा तथा पेड़ गिरने से यातायात लगभग दस घंटे तक प्रभावित रहा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद रविवार शाम चार बजे पस्सियां हटाकर दोनों तरफ से यात्री वाहनों के लिए मार्ग बहाल किया।
गौरतलब है कि शनिवार देर रात से ही बारिश हो रही है। इससे तहसील बसंतगढ़ के गंध, शिवगली इलाके के बीच चार जगहों पर मलबा तथा पेड़ गिरे। इस वजह से यात्री वाहनों के पहिए थम गए। यात्रियों को पैदल ही काफी समय तक चलना पड़ा। कठिनाइयों के बीच लोग पैदल ही पस्सियों को पार कर गंतव्य तक पहुंचे। वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रविवार सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक कोई भी यात्री वाहन रामनगर की ओर रवाना नहीं हुआ। मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही पीएमजीएसवाई विभाग ने जेसीबी मशीन भेजकर मार्ग बहाल कराने का काम शुरू करवाया। विभाग के बसंतगढ़ के एईई नीरज वर्मा ने बताया कि सूचना रविवार सुबह ही मिल गई थी परंतु बारिश के कारण मार्ग खोलना संभव नहीं था। जब दोपहर को बारिश रुकी तो एक बजे के करीब जेसीबी मशीन लगाकर मार्ग खोलने का काम शुरू कराया गया। कई जगहों पर मलबा और काफी संख्या में पेड़ गिरे थे। शाम चार बजे वाहनों की आवाजाही शुरु हो पाई।