रामनगर। युवा सेवा एवं खेल विभाग, जम्मू-कश्मीर के तत्वावधान में रामनगर जोन में बुधवार को जोनल स्तरीय इंटर-स्कूल खेल प्रतियोगिताओं का भव्य आगाज हुआ। अंडर-17 वर्ग की इस प्रतियोगिता में सरकारी एवं निजी स्कूलों के करीब 240 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शानदार प्रदर्शन किया।
कस्बे के राजाराम सिंह मैदान स्थित इनडोर स्टेडियम में बुधवार सुबह दस बजे प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। विधायक डॉ. सुनील भारद्वाज मुख्य अतिथि रहे। आठ स्कूलों के प्रतिभागियों ने वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, कुश्ती, शतरंज, योग एवं टेबल टेनिस जैसी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कबड्डी प्रतियोगिता में छह टीमों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिले। फाइनल मैच सरकारी मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल रामनगर और सुनेत्र हाई स्कूल के बीच खेला गया। इसमें मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल रामनगर ने शानदार जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। खो-खो प्रतियोगिता में भी छह मुकाबले खेले गए। फाइनल में सरकारी मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल रामनगर ने हाई स्कूल जंद्राड़ी को 17 अंकों के अंतर से हराकर जीत हासिल की। वॉलीबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल रामनगर और हाई स्कूल कघोट के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें कघोट हाई स्कूल ने 2-0 से जीत दर्ज की। शतरंज प्रतियोगिता में राइजिंग पिलर्स पब्लिक हाई स्कूल के अभिनंदन उपाध्याय और सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल दिहाड़ी के भरत अत्री के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसमें भरत अत्री विजेता बने। वहीं कुश्ती के 45 किलोग्राम वर्ग में हाई स्कूल जंद्राड़ी के प्रवीण कुमार ने हायर सेकेंडरी स्कूल रामनगर के आर्यन को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। जोनल फिजिकल एजुकेशन अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि अंडर-17 लड़कों के सभी फाइनल मुकाबले सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके हैं। उन्होंने जानकारी दी कि वीरवार सुबह दस बजे अंडर-17 लड़कियों के फाइनल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।