उधमपुर। रामनगर-बसंतगढ़ मार्ग की गंधटॉप इलाके में स्थिति सुधारने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने डीडीसी लाटी अशरी देवी के नेतृत्व के डीसी कार्यालय के बाहर पीएमजीएसवाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान भूस्खलन के चलते तीन माह से बंद पड़े मार्ग को जल्द बहाल करने की मांग की। वहीं, विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।
दोपहर करीब 12 बजे डीडीसी सदस्य अशरी देवी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने डीसी कार्यालय के बाहर नारेबाजी की। प्रदर्शन में काफी संख्या में पैंथर्स पार्टी के नेता और कार्यकर्ता भी शामिल रहे। अशरी देवी ने बताया कि करीब तीन महीने पहले गंधटॉप में भूस्खलन होने से रामनगर-बसंतगढ़ मार्ग बंद हो गया था। अब वाहन केवल गंधटॉप तक ही वाहन चल रहे हैं। दूसरी तरफ से वाहन रामनगर व उधमपुर की तरफ नहीं आ पा रहे हैं। इससे ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो चुका है। किसी बीमार को अस्पताल तक पहुंचाना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों रोजाना कई किलोमीटर का पैदल सफर करने को मजबूर हैं। कई बार मार्ग को खोलने की मांग को पीएमजीएसवाई के अधिकारियों से की गई मगर आजतक केवल आश्वासन ही मिले हैं। उन्होंने जल्द मार्ग खोलने की मांग की है। वहीं, जल्द कदम नहीं उठाने की सूरत में उग्र प्रदर्शन के लिए मजबूर हो जाएंगे।