- 9 सितंबर को राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक पुलिस के नीचे एक महिला व दो बच्चों के शव मिले थे
संवाद न्यूज एजेंसी
रामबन। रामबन पुलिस ने वीरवार को तिहरे हत्याकांड का मामला रिकॉर्ड समय में सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक 9 सितंबर 2025 को बनिहाल थाने को सूचना मिली कि बनिहाल के रतनबास, एनएच-44 पर एक पुलिया के नीचे तीन शव पड़े हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एसडीपीओ बनिहाल और एसएचओ बनिहाल के नेतृत्व में पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा। वरिष्ठ अधिकारियों और एफएसएल टीम के पहुंचने पर साक्ष्यों को चिह्नित किया गया। एक शव महिला (32 ) का, एक बच्ची (9) का और एक लड़के (5) का था। शरीर पर चोट के निशान थे और गले में लंबे कपड़े के टुकड़े बंधे हुए थे।
पोस्टमार्टम व अन्य औपचारिकताओं के लिए डॉक्टरों का एक बोर्ड गठित करने हेतु बीएमओ से अनुरोध किया गया। चूंकि मामला एक अंधे कत्ल का लग रहा था। जांच के लिए एसडीपीओ बनिहाल के नेतृत्व में एक दल का गठन किया गया। जांच के बाद एक संदिग्ध अनिल कुमार निवासी वार्ड दो, बहुवारा पश्चिम चंपारण मझौलिया बिहार को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे कुलगाम पुलिस ने मीर बाजार से गिरफ्तार किया।
बाद में मृतकों की पहचान धनमती देवी पत्नी स्वर्गीय नंद किशोर निवासी वार्ड तीन, नौवाडीह सुगौली पूर्वी चंपारण, बिहार, उनकी नौ वर्षीय बेटी सुहानी कुमारी और पांच वर्षीय बेटे यश कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि वैज्ञानिक साक्ष्य के आधार पर निरंतर पूछताछ के बाद आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आगे की जांच जारी है।
एसएसपी रामबन अरुण गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने बनिहाल में स्थानीय स्वयंसेवकों की मदद से मां और उसके दो नाबालिग बच्चों का अंतिम संस्कार करवा दिया।