रामबन में अमरनाथ यात्रियों का स्वागत करते प्रशासनिक अधिकारी।
रामबन। जिला प्रशासन ने डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद अलयास खान के नेतृत्व में बुधवार को चंद्रकोट और बनिहाल में श्री अमरनाथ यात्रा-2025 के तीर्थ यात्रियों के पहले जत्थे का गर्मजोशी से स्वागत किया।
स्वागत समारोह में रामबन के विधायक अर्जुन सिंह राजू, डीआईजी डीकेआर रेंज श्रीधर पाटिल, एसएसपी रामबन कुलबीर सिंह, एसएसपी ट्रैफिक राजा आदिल हामिद गनई, एडीसी वरुणजीत सिंह चरक व अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिला विकास परिषद (डीडीसी) के सदस्यों सहित विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने भी भाग लिया। सभी ने बड़े उत्साह के साथ तीर्थ यात्रियों का स्वागत किया।
इससे पहले उपायुक्त और अन्य अधिकारियों ने जिले में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंद्रकोट, लांबर (बनिहाल) और अन्य निर्दिष्ट स्थानों पर स्थापित लंगरों और यात्री निवास में तीर्थ यात्रियों के लिए किए गए प्रबंधों की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा की। उपायुक्त ने इस बात पर प्रकाश डाला कि जिला प्रशासन ने यात्रा के सुचारु संचालन के लिए मजबूत नागरिक सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की है।
उन्होंने बताया कि बोर्डिंग, लॉजिंग और आपातकालीन चिकित्सा सहायता के लिए पर्याप्त सुविधाओं का बंदोबस्त किया गया है। साथ ही मौसम या अन्य स्थितियों के कारण किसी भी संभावित घटना या ठहराव के मामले में तीर्थ यात्रियों की सहायता के लिए चौबीसों घंटे हेल्पलाइन सेवा स्थापित की गई है। संवाद