उधमपुर पहुंचे साइकलिस्ट प्रो. किरण सेठ
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। श्रीनगर से अखिल भारतीय एकल साइकिल यात्रा पर निकले आईआईटी दिल्ली के सेवानिवृत्त प्रोफेसर व पद्मश्री किरण सेठ रविवार को उधमपुर पहुंचे। यहां शहरवासियों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने शहरवासियों को अपनी साइकिल यात्रा के बारे में जानकारी दी।
उधमपुर पहुंचने पर शहरवासियों ने उनका फूलों की माला पहना कर स्वागत किया। प्रो. किरण सेठ ने बताया कि उनकी साइकिल यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अपनी संस्कृति व कला के प्रति जागरूक करना है। वे यात्रा के दौरान युवाओं को साइकिल यात्रा करने पर भी प्रेरित कर रहे हैं, ताकि साइकिल चलाने से वह अपने आप को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बना सकें। उनका कहना था कि युवा पीढ़ी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की विचारधारा से दूर जा रही है। उन्हें वापस लाने के लिए भी इस साइकिल यात्रा से संदेश दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को अपनी यात्रा की शुरूआत उन्होंने श्रीनगर से की थी। यह यात्रा 5 अक्तूबर को दिल्ली पहुंच कर संपन्न होगी। वह जम्मू-कश्मीर के साथ पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड जाकर संदेश देकर युवाओं को जागरूक करेंगे। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह वह फिर से यात्रा शुरू करेंगे और नगरोटा तक का सफर तय करेंगे। उधमपुर में उनके स्वागत करने वालों में पद्मश्री प्रो. शिव निर्मोही, अनिल पाबा व अन्य शहरवासी शामिल थे।
उधमपुर पहुंचे साइकलिस्ट प्रो. किरण सेठ- फोटो : UDHAMPUR