उधमपुर स्थित कोर्ट रोड पर लगी राखी की दुकान।
- फोटो : UDHAMPUR
भाई बहन के पवित्र बंधन रक्षाबंधन के पर्व को लेकर देविकानगरी का बाजार रंग बिरंगी राखियों और पतंगों के साथ गुलजार हो चुका है। शुक्रवार को बाजार खोलने की इजाजत मिलने पर बहनों ने दुकानों पर पहुंच कर अपने भाईयों के लिए राखियां खरीदना शुरू कर दिया है। वहीं बाजार में भी बहनों को लुभाने के लिए कई प्रकार की राखियां पहुंचाई गई हैं। युवाओं व बच्चों ने रक्षाबंधन के दिन होने वाली पतंगबाजी के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।
15 अगस्त को रक्षाबंधन का पावन पर्व है और बहनों ने इसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। शुक्रवार को बाजार खुलने पर काफी संख्या में महिलाएं व युवतियां बाजार में पहुंची और सभी को बहुत ही चाव के साथ अपने भाइयों के लिए राखियां खरीदते हुए देखा गया। बाजार में सबसे ज्यादा मांग स्टोन राखी की है। जिसको सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है। वहीं छोटे बच्चों को रिझाने के लिए भी विशेष तौर पर सुपर हीरो की राखियां बाजार में मौजूद हैं।
बाजार में हर गली व नुक्कड़ में दुकान को दुकानदारों ने रंग बिरंगी राखियों के साथ सजाकर रखा है। कई स्थानों पर स्टाल लगाकर राखियां बेची जाने लगी हैं। राखियों के साथ ही बाजार में गिफ्ट हाउस में भी बहुत ज्यादा भीड़ देखी जा रही है। जहां बहनें व भाई दोनों ही एक दूसरे के लिए उपहार खरीद रहे हैं। बाजार में चाकलेट के गिफ्ट खरीदे जा रहे हैं। वहीं युवा व बच्चे पतंगबाजी को लेकर तैयारियों में जुट हुए हैं। कई बच्चों ने शाम के समय पतंगबाजी शुरू कर दी है।
युवाओं व बच्चों को रिझाने के लिए बाजार में कई प्रकार की पतंगें लाई गई हैं। बाजार में कागज व प्लास्टिक की पतंगें मौजूद हैं। बारिश होने पर भी पतंगबाजी बंद नहीं होगी, क्योंकि प्लास्टिक की पतंगें को बारिश में भी बिना किसी परेशानी के उड़ाया जा सकता है। पतंग के साथ मांजा भी खरीदने का काम जारी है। हर कोई अच्छी से अच्छा मांजा खरीदने के प्रयास में है, ताकि दूसरे की पतंग को आसानी से काटा जा सके। बाजार में पतंग व राखी की मांग बढ़ने पर दुकानदारों के भी चेहरे खिल उठे हैं।