46 किसान प्रति कनाल 50 से 60 हजार रुपये का कमा रहे मुनाफा, जिले में 100 कनाल में फैला स्ट्राॅबेरी का कारोबार
उधमपुर। बारिश से जिला उधमपुर में स्ट्रॉबेरी की खेती करने वाले किसानों ने राहत की सांस ली है। लगभग साढे चार महीने के सूखे के दौर के बाद यह बारिश स्ट्रॉबेरी के लिए नया जीवन दान साबित हाेगी। पर्याप्त बारिश न होने की वजह से किसानों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
मौजूदा समय में जिले में 5 हेक्टेयर यानि 100 कनाल क्षेत्र पर किसान स्ट्राॅबेरी का उत्पादन कर रहे हैं। इनमें उधमपुर, मनवाल और रिट्टी के किसान इस व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। इसके लिए विभाग की ओर से सरकारी योजना के तहत प्रति कनाल 13,000 रुपये सब्सिडी दी जाती है। बारिश न होने के कारण अधिकतर फसलें खराब होने की कगार पर थीं लेकिन अब पर्याप्त बारिश के कारण सभी खासकर स्ट्रॉबेरी का पैदावार बेहतर हो पाएगी। पिछले साल सितंबर में बारिश हुई थी, इस बार एक आध दिन बारिश हुई लेकिन वो स्ट्रॉबेरी के लिए पर्याप्त नहीं थी लेकिन पिछले तीन दिनों में हुई बारिश से किसान काफी खुश है। स्ट्रॉबेरी की बेहतर गुणवत्ता के लिए पानी की काफी जरूरत होती है। बारिश न होने की वजह से सिंचाई के लिए उपलब्ध प्राकृतिक स्रोत भी सूखने लगे थे। किसानों को स्ट्रॉबेरी की खेती से प्रति कनाल 50,000 से 60,000 रुपये मुनाफा प्राप्त होता है। मौजूदा समय में जिले के 46 किसान स्ट्रॉबरी के उत्पादन से जुड़े हुए हैं।
बारिश से हमें बड़ी राहत मिली है। स्ट्रॉबेरी के उत्पादन के लिए विभाग की ओर से प्रति कनाल 13000 रुपये सब्सिडी दी जाती है। बारिश न होने के कारण इस साल फसल को काफी नुकसान पहुंचा है, लेकिन अब बारिश से उन्हें काफी राहत मिली है।
- किसान वेदपाल
लंबे समय तक सूखे का सामना करने के बाद किसानों को बारिश के आने से राहत मिली है। साढ़े चार महीने के सूखे के कारण किसान काफी चिंतित थे। मगर यह बारिश स्ट्राॅबेरी की पैदावार के लिए संजीवनी का काम करेगी।
-बृज बल्लव गुप्ता मुख्य बागवानी अधिकारी
अगर बारिश नहीं होती तो फसलें बर्बाद हो जातीं। इसकी वजह से उन्हें आर्थिक संकट का भी सामना करना पड़ता, लेकिन पिछले दो दिन में हुई बारिश ने किसानों की फसलों को नया जीवनदान दिया है।
किसान राजीव सिंह