उधमपुर में बारिश के बीच बच्चे के साथ जाती महिला।
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। दोपहर से शुरू हुई हल्की बारिश शाम तक रुक-रुक कर जारी रहने से क्षेत्र में बढे़ ठंड के प्रकोप ने नगरवासियों को कंपकंपाने पर मजबूर कर दिया। इससे बचने के लिए दिन के समय में भी लोगों को आग का सहारा लेना पड़ा। क्षेत्र में सर्दी व शीत लहर के प्रकोप में बढ़ोतरी का असर बढ़ने से विशेषतौर पर दोपहिया वाहन चालकों से लेकर स्कूली छात्रों को इससे खासी परेशानी झेलनी पड़ी।
इसके अलावा वीरवार सुबह से मौसम में आई तब्दीली ने शुक्रवार को भी सुबह व शाम के समय पड़ने वाले कोहरे व धुंध के असर को बढ़ा दिया। सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों से लेकर वाहन चालकों व कामकाजी लोगों को काफी समस्या का सामना करना पड़ा। नगर के निचले क्षेत्रों कावा, बरियाल, एयरफोर्स, रौन दोमेल आदि क्षेत्रों में दिन के करीब बारह बजे तक धुंध व कोहरे का साम्राज्य फैला रहा। इसके कारण इन क्षेत्रों से गुजरने वाले वाहन चालकों सहित स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हुई। दिनचर्या के जरूरी कार्यों को निपटाने में देरी होने के अलावा कोहरे, धुंध व शीत लहर के कारण इन क्षेत्रों में ठंड का भी असर बढ़ गया है। इसका असर नगर के उच्च क्षेत्रों में भी देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को भी दिन के ग्यारह बजे तक कोहरे व धुंध के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जबकि दोपहर के समय हुई हल्की बारिश से शीत लहर व ठंड के प्रकोप में हुए इजाफे ने नगरवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी। इसके चलते दिन का अधिकतम तापमान 12.3 डिग्री रिकार्ड किया गया तो वहीं न्यूनतम तामपान 7.2 डिग्री रिकार्ड किया गया है। एयरफोर्स के मौसम विभाग के अनुसार आज भी दिनभर हल्के बादल छाए रहेंगे, जिससे तापमान में गिरावट आने से ठंड के प्रकोप में और भी अधिक बढ़ोतरी होने की संभावना हैं।