उधमपुर। रामनगर तहसील की बटियाड़ी पंचायत के वार्ड नंबर एक स्थित सरकारी प्राथमिक विद्यालय पुंडला की हालत इन दिनों बदहाल हो चुकी है। भवन की स्थिति इतनी दयनीय है कि बारिश के दौरान छत से सीधे कक्षाओं में पानी टपकता है। मजबूरी के कारण शिक्षकों को बच्चों की कक्षाएं स्कूल के बाहर खुले मैदान में लगानी पड़ती हैं। तब भी बाहर बैठना मुमकिन नहीं रहता और पढ़ाई पूरी तरह ठप हो जाती है।
स्कूल भवन की जर्जर स्थिति न केवल बच्चों की शिक्षा को प्रभावित कर रही है बल्कि उनकी सुरक्षा पर भी बड़े सवाल खड़े कर रही है। विद्यालय में 35 छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, जिनके लिए दो शिक्षक तैनात हैं। स्कूल की इस हालत को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष है। स्थानीय निवासी अरुण शर्मा का कहना है कि स्कूल की हालत बहुत खराब है। बारिश में बच्चों को बैठने तक की जगह नहीं मिलती। यह उनके भविष्य और सुरक्षा दोनों के साथ खिलवाड़ है। सुनील कुमार ने बताया कि हम बच्चों को पढ़ने भेजते हैं लेकिन स्कूल की स्थिति देखकर डर लगता है। शिक्षक कोशिश तो करते हैं पर जर्जर भवन सबसे बड़ी बाधा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जोनल एजुकेशन ऑफिसर गिरधारी लाल ने बताया कि समस्या को विभाग के आगामी प्रस्ताव में शामिल कर लिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जैसे ही बजट और आवश्यक मंजूरी प्राप्त होगी, मरम्मत का कार्य तुरंत शुरू कर दिया जाएगा।