उधमपुर। महाराष्ट्र के होटल में काम करने गए रामनगर के युवक की एक महीने पहले संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मामले में परिवार ने इंसाफ की गुहार लगाई है। मंगलवार को परिवार के सदस्य जिला उपायुक्त कार्यालय पहुंचे थे, जहां उन्होंने कार्यालय के बाहर बेटे के पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया। मांग की कि पुलिस गहनता से जांच कर सच सामने लाए।
पिता अशोक कुमार ने बताया कि राजिंदर कुमार (28) तीन महीने पहले महाराष्ट्र के होटल में काम करने गया था। एक महीने पहले उसकी मौत हो गई जिसका कारण हार्ट अटैक बताया गया। बिना बताए पोस्टमार्टम करवाकर शव भेज दिया गया। होटल का मालिक रामनगर का ही है और वह कोई जानकारी नहीं दे रहा। उन्हें आशंका है कि राजिंदर की साजिशन हत्या की गई है। जिस रात को उसकी मौत हुई, उससे पहले उसने फोन पर सैलरी के लिए मालिकों से झगड़े की बात बताई थी।