उधमपुर: धार रोड बंद कर प्रदर्शन करते हुए तथा प्रदर्शन कर रही मृतक व्यक्ति के परिजन बेहोश हुई.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर में छह दिन से लापता राकेश खजूरिया का शव नाले से बरामद होने के बाद सोमवार को परिवार के सदस्यों ने जब शव को देखा तो उन्होंने हत्या की आशंका जताई। परिजनों का कहना है कि शव की नाक, आंखें, पैर व शरीर के कई हिस्से गायब थे। शव को देखकर पता चल रहा था कि राकेश को शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया है। उन्होंने पुलिस को भी जानकारी दे दी है।
मृतक राकेश खजूरिया के बेटे राघव खजूरिया ने बताया कि रविवार को उसके पिता का शव क्षत विक्षत अवस्था में पाया गया था। सोमवार सुबह जब शव को देखा तो पाया कि उसकी आंखें नहीं थीं, नाक पूरी तरह गायब थी। उनके पैर व हाथ की उंगलियों को काटा गया था। शव को देखकर पता चलता था कि उनको बुरी तरह टॉर्चर कर मारा गया है।
1 अगस्त को व्यापार मंडल के चुनाव में किया था मतदान
बेटे ने बताया कि सोमवार 1 अगस्त को उन्होंने व्यापार मंडल के चुनाव में मतदान किया था और मतदान संपन्न होने के बाद घर आ गए। रात को उन्हें किसी का फोन आया और वह बिना किसी को बताए घर से निकल गए और फिर लौटकर नहीं आए। उनको किसी ने सफेद रंग की कार में बैठकर कहीं जाते देखा। इसके बाद रविवार शाम को उनका शव नाले से बरामद हुआ। शव को देखने के बाद पूरी संभावना है कि उनकी किसी ने हत्या की है।
पुरानी दुकान को लेकर किसी के साथ चल रहा था विवाद
राघव ने बताया कि उसके पिता का एक पुरानी दुकान को लेकर किसी के साथ विवाद चल रहा था। एक व्यक्ति से उन्हें करीब 50 हजार रुपये लेने थे। सप्ताह पहले उस व्यक्ति के साथ उनकी कहासुनी हुई थी, और उसने पिता को धमकाया था। परिवार को उस धमकाने वाले व्यक्ति पर शक है। इसके बारे में पुलिस को पूरी जानकारी दे दी है। पिता ने 29 वर्ष तक रामनगर चौक इलाके में दर्जी की दुकान चलाई, और पिछले वर्ष दुकान को खाली करने के बाद घर के पास ही दुकान खोल ली थी। उन्होंने पुलिस से अपील की है कि मामले की अच्छी तरह जांच की जाए और पिता की मौत की सच्चाई सबके सामने लाई जाए। अगर उनकी हत्या हुई है तो हत्यारों का पता लगाकर सख्त कार्रवाई की जाए।
धारा 174 के तहत मामला दर्ज
प्राथमिक जांच में शव के नाक, उंगलियां व शरीर के अन्य हिस्सों के काटे जाने के बारे में कोई पुष्टि नहीं हुई है। व्यक्ति की मौत कई दिन पहले हुई और शव गल गया था। इसलिए, शरीर के कुछ हिस्से अलग थे। लेकिन, इनको काटने की कोई संभावना नहीं लग रही है। इसकी सही जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मिलेगी। पुलिस ने धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-अनवर-उल-हक, एएसपी, उधमपुर।