उधमपुर: 11वीं में फेल हुए बच्चे जेके बोर्ड के दफ्तर उधमपुर में पहुंचे रोष प्रकट करते हुए.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। 11वीं की परीक्षा में अनुत्तीर्ण हुए जिले के विद्यार्थियों ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर बोर्ड कार्यालय में जाकर रोष जताया। विद्यार्थियों का कहना था कि 10वीं में उन्होंने 90 प्रतिशत से अधिक अंक पाए हैं। फिर भी 11वीं में उन्हें फेल कर दिया। यकीनन परीक्षा परिणाम में कोई गलती हुई है।
दो दिन पहले ही जम्मू-कश्मीर बोर्ड ने 11वीं के परीक्षा परिणाम घोषित किए हैं। और सोमवार से विद्यार्थियों ने इसका सड़कों पर उतरकर विरोध करना शुरू कर दिया है। गढ़ी, रैंबल और उधमपुर के हायर सेकेंडरी स्कूलों के विद्यार्थी दोपहर को बोर्ड कार्यालय पहुंचे, और अधिकारियों के सामने रोष प्रकट किया। कहा कि वर्ष भर कक्षाएं ऑनलाइन चलीं और परीक्षा ऑफलाइन ली गई। परीक्षा भी अच्छी हुई, इसके बावजूद उनको फेल कर दिया गया। इस बार अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों की संख्या इतनी अधिक है कि शिक्षक भी यकीन नहीं कर पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जिन विद्यार्थियों ने 10वीं में 80 से 90 प्रतिशत अंक हासिल किए, उनको भी फेल कर दिया है। इससे पता चलता है कि परीक्षा परिणामों में कोई गलती हुई है। उन्होंने मांग कि इस गलती को जल्द सुधार कर विद्यार्थियों को उत्तीर्ण किया जाए। वहीं, बोर्ड कार्यालय के कर्मचारियों का कहना था कि परीक्षा परिणाम दोबारा निकलवाना उनका अधिकार नहीं है। अगर किसी को अपने परीक्षा परिणाम में कोई कमी लगती है तो पुनर्मूल्यांकन (रिवेल्युएशन) के लिए आवेदन कर दे। तब दोबारा जांच कर परिणाम निकाला जाएगा।
उधमपुर: 11वीं में फेल हुए बच्चे जेके बोर्ड के दफ्तर उधमपुर में पहुंचे रोष प्रकट करते हुए.- फोटो : UDHAMPUR