उधमपुर: सावन के तीसरे सोमवार मंदिर में पूजा अर्चना करते हुए लोग.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। श्रावण के तीसरे सोमवार को देविकानगरी के शिव मंदिरों में पूजन करने वाले भक्तों की सुबह व शाम को भीड़ लगी रही। लोगों ने व्रत कर मंदिरों में विशेष पूजन किया। शाम को मंदिरों में भगवान शिव के भजन गुंजायमान हो रहे थे।
देविका तट पर स्थित आप शंभु शिव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं ने देविका स्थित बावलियों में स्नान कर भगवान शिव के दर्शन करने के लिए मंदिर के बाहर कतार लगाई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर में जाकर भगवान शिव की पूजा की और अपने परिवार की सुख समृद्धि के लिए प्रार्थना की। सुबह करीब 10 बजे तक भक्त मंदिर में पहुंचते रहे। जो श्रद्धालु सुबह मंदिर में पूजन नहीं कर सके, वे शाम को मंदिर पहुंचे। शाम को भी मंदिर में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ नजर आई।
देविका के अलावा जिब स्थित शिव मंदिर, आदर्श कॉलोनी स्थित बाबा लाल दयाल मंदिर, आदि में श्रद्धालु पूजन करने पहुंचे। श्रद्धालुओं को श्रावण माह के सोमवार के बारे में पुजारियों ने बताया कि इस महीने में भगवान शिव का पूजन बहुत महत्व रखता है। सनातन परंपरा में श्रावण के सोमवार का व्रत भगवान शिव के आशीर्वाद और मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए रखा जाता है। भगवान शिव के इस पावन व्रत के दिन उनकी पूजा रुद्राभिषेक, जप, तप करने से साधक के सभी कष्ट दूर होते हैं और सुख समृद्धि की प्राप्ति होती है।