धमपुर: रौन दोमेल के लोगों द्वारा बिजली विभाग के खिलाफ किया गया प्रदर्शन तथा नायब तहसीलदार को ज्ञा
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। बिजली समस्या से परेशान रौन दोमेल क्षेत्र के रौन गांव के स्थानीय लोगों व कारोबारियों ने अपना कामकाज बंदकर बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सभी लोग जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए नायब तहसीलदार कार्यालय रौन पहुंचे और जिला विकास आयुक्त के नाम एक ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा। इस दौरान उन्होंने मांग किया कि रौन गांव में बिजली समस्या को दूर करने के लिए गांव में नया ट्रांसफार्मर लगवाया जाए।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे स्थानीय निवासी एवं रौन दोमेल व्यापार मंडल के प्रतिनिधि समर सिंह रान्याल ने कहा कि कई वर्षों से उनके क्षेत्र की बिजली व्यवस्था केवल एक ट्रांसफार्मर के सहारे है। जिस पर करीब 370 घरों के अलावा दुकानों व अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों का पूरा लोड है। जिसके कारण क्षेत्र में हमेशा बिजली की समस्या बनी रहती है। इससे दुकानों के कामकाज भी प्रभावित होते हैं। इसलिए गांव के लोग क्षेत्र के लिए एक और ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग कर रहे हैं। इस पर बिजली विभाग के अधिकारी भी क्षेत्र का दौरा करके सहमति जता चुके हैं, लेकिन कई साल गुजर जाने के बाद भी उनके गांव के लिए दूसरा ट्रांसफार्मर नहीं लग पाया है। इधर, इन बीते वर्षों में क्षेत्र की आबादी बढ़ने से ट्रांसफार्मर पर लोड भी अधिक बढ़ गया है। लो वोल्टेज से लोगों के घरों में लगे इलेक्ट्रानिक उपकरण भी अब खराब होने लगे हैं। इसको लेकर क्षेत्र के सभी लोगों में बिजली विभाग व प्रशासन के खिलाफ काफी रोष है। वहीं दुकानदार बलवान सिंह ने बताया कि ठीक प्रकार से बिजली सुविधा नहीं मिलने से क्षेत्र के सभी दुकानदार परेशान हैं। बिजली की लो वोल्टेज समस्या के कारण अब तक दुकानदारों का करीब ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हर तीसरे दिन किसी का फ्रिज तो किसी की टीवी फुंक रही है। कई बार बिजली विभाग से समस्या के समाधान की मांग की है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन देकर टाल दिया जाता है। इसलिए आज उन्होंने अपना कामकाज बंदकर रोष जुलूस निकाला और ज्ञापन सौंपकर जिला विकास आयुक्त से समस्या का समाधान करने की मांग उठाई है।
उधमपुर: रौन दोमेल के लोगों द्वारा बिजली विभाग के खिलाफ किया गया प्रदर्शन तथा नायब तहसीलदार को ज्ञ- फोटो : UDHAMPUR