उधमपुर/पंचैरी। बिजली कटौती की समस्या को लेकर मंगलवार को पंचायत कुल्टयार वालां के लोगों ने पीडीडी विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मांग की कि क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाई जाए।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सरपंच पवन कुमार ने कहा कि रोजाना की अघोषित कटौती से लोग तंग आ गए हैं। सरकारी विभागों से संबंधित लोगों का कोई भी ऑनलाइन काम ठीक से नहीं हो पा रहा है। दूरदराज क्षेत्रों से घंटों पैदल चलकर लोग ई-श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड जैसे जरूरी कागजात बनवाने कस्बे में आते हैं। लेकिन, बिजली न होने के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जबकि, बिजली विभाग अपनी कार्यप्रणाली में बिल्कुल सुधार नहीं कर रहा है।
उन्होंने कहा कि रोजाना बिजली की लंबे समय तक अघोषित कटौती की जा रही है। इससे बच्चों की शिक्षा के साथ दुकानदारों का कामकाज भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसलिए, संबंधित विभाग से अपील है कि कटौती को कम किया जाए। अन्यथा उन्हें सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने पर मजबूर होना पडे़गा।