उधमुपर के सुई इलाके में गंदगी फेंकने के विरोध में प्रदर्शन करते पूर्व विधायक व स्थानीय निवासी
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। शहर के साथ लगते सुई इलाके में कचरा फेंकने के विरोध में सोमवार को स्थानीय लोगों ने पूर्व विधायक के नेतृत्व में नगर परिषद के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नप ने सुई में 15 हजार टन से भी अधिक कचरा जमा कर दिया है। अगर यहां कचरा फेंकना बंद नहीं हुआ तो मजबूरन प्रदर्शन तेज करना पड़ेगा।
दोपहर को पूर्व विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया के नेतृत्व में सुई के लोगों ने नप के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान मनकोटिया ने कहा कि नप सुई में कचरा जमा कर स्थानीय लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहा है। जिस जगह कचरा फेंका जा रहा है, उसके आसपास सेना के कैंप व लोगों के घर हैं। जिन लोगों के घर और भूमि वर्ष 2014 में सद्दल गांव में भूस्खलन के कारण बर्बाद हो गए थे, उन विस्थापितों को भी सुई में रखा गया है। ये लोग कचरे से परेशान हैं।
पूर्व विधायक ने कहा कि इस इलाके में इतनी गंदगी पड़ी है कि लोगों के घरों में मक्खियां, मच्छर हर समय रहते हैं। लगभग हर घर में कोई न कोई बीमार हो रहा है। पूरे शहर का कचरा इस स्थान पर फेंका जा रहा है। क्या यह इस गांव का विकास है? सरकार पूरे देश में स्वच्छता अभियान चला रही है। लेकिन, उधमपुर में जिला प्रशासन घरों के बाहर कचरा फेंक रहा है। इसको कभी बर्दाश्त नहीं कर सकते। मांग है कि नप तुरंत इस स्थान पर कचरा जमा करना बंद करे। इस मौके पर सरपंच बीना देवी व अन्य लोग भी मौजूद रहे।
-----
15 हजार टन से ज्यादा कचरा जमा
पूर्व विधायक ने कहा कि जब इस स्थान पर नप किल वेस्ट मशीन लगाने लगा था तो स्थानीय लोगों ने कई बार जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंप कर इसका विरोध किया था। लेकिन, नप व प्रशासन ने किसी की नहीं सुनी। उल्टा लोगों को कई तरह का विकास करवाने के झूठे आश्वासन देकर बेवकूफ बनाया। किल वेस्ट मशीन से शहर का कुछ फीसदी कचरे का ही निस्तारण हो पाया। जबकि, ज्यादातर कचरे को जमा किया गया। मौजूदा समय में 15 हजार टन से अधिक कचरा सुई इलाके में जमा है।
उधमुपर के सुई इलाके में गंदगी फेंकने के विरोध में प्रदर्शन करते पूर्व विधायक व स्थानीय निवासी- फोटो : UDHAMPUR