मजालता। जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के तिरंगे को लेकर दिए गए आपत्तिजनक बयान के विरोध में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) मजालता के सदस्यों में आक्रोश बरकरार है। सोमवार को जहां उन्होंने मानसर में महबूबा मुफ्ती का पुतला जलाया वहीं तिरंगा रैली निकाली कर रोष जताया। इस दौरान युवाओं ने पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ जोरदारी नारेबाजी भी की। युवा मोर्चा के सदस्यों ने कहा कि तिरंगे का अपमान किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाना चाहिए। सनद रहे कि नजरबंदी से रिहा होने के बाद महबूबा मुफ्ती ने पहली प्रेस कांफ्रेंस में कहा था कि कश्मीर में अनुच्छेद 370 की वापसी होने तक वो तिरंगा नहीं उठाएंगी। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में महबूबा मुफ्ती के सामने जम्मू-कश्मीर का पुराना झंडा रखा हुआ था। उनके बयान का पूरे देश में विरोध जारी है।
युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अमित शर्मा ने कहा की महबूबा का बयान देश विरोधी था, जिसे लेकर देशभर में आक्रोश है। ऐसे राष्ट्र विरोधी बयान देने वालो को बक्शा नहीं जाना चाहिए। इस मौके पर विशांत शर्मा, सुनील शर्मा व हैरी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।