उधमपुर। शहर के दंदियाल इलाके में भूमि विवाद के चलते मारे गए युवक राहुल के परिजनों व मोहल्लेवासियों ने रविवार को शहर के इंदिरा चौक इलाके में सीबीआई जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पुलिस अभी तक हत्या का सही कारण पता नहीं लगा पाई है। अभी तक केवल दो लोगों पर ही मामला दर्ज हुआ है, जबकि व्यापारी, राजस्व विभाग की पटवारी से केवल पूछताछ हो रही है।
दोपहर करीब साढ़े 12 बजे मृतक के चाचा रवि कुमार के नेतृत्व में इंदिरा चौक पर प्रदर्शन कर सीबीआई जांच की मांग की गई। रवि कुमार ने बताया कि हत्या के चार दिन बाद भी पुलिस कुछ नहीं कर पाई है। पुलिस की जांच बहुत ही सुस्त तरीके से चल रही है। हत्या के आरोप में मनीष सिंह को गिरफ्तार किया गया है और जबकि मोहम्मद असलम अभी तक फरार है, जोकि पुलिस के हाथ नहीं लग रहा है। हत्या का पता चलने पर पुलिस ने कुछ व्यापारी और राजस्व विभाग के पटवारी को हिरासत में लिया है, लेकिन अभी तक इनको गिरफ्तार नहीं किया गया है। सबको पता है कि मनीष सिंह ने यह हत्या जमीनी विवाद के चलते किसी के कहने पर की है। जिसने यह आदेश दिया है वह हिरासत में रखे लोगों में से ही एक है। लेकिन फिर भी पुलिस कुछ नहीं कर पा रही है।
हत्या से सप्ताह पहले ही राहुल के परिवार को कुछ लोगों ने घर के अंदर पहुंच कर धमकी दी थी। इन लोगों पर भी अभी तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई है। इसलिए आज सभी की प्रशासन व सरकार से मांग है कि इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपी जाए। इसके अलावा उधमपुर में कई वर्षों से सक्रिय भू माफिया पर भी सख्त कार्रवाई की जाए।