स्थानीय श्रमिकों ने शनिवार को कांग्रेस नेता सईद शकील शाह की अगुवाई में शांतिपूर्ण रैली निकाली। इस दौरान प्रशासन और ठेकेदारों से रेलवे की माल ढुलाई में स्थानीय मजदूरों को प्राथमिकता देने की मांग की।
उच्चतम न्यायालय ने श्रीनगर जाने वाले माल को उधमपुर रेलवे स्टेशन पर उतारने के आदेश के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सईद शकील शाह ने मजदूरों के साथ मिलकर शांति रैली निकाली।
रैली शाह कांप्लेक्स से शुरू होकर शहर के मुख्य बाजारों से होती हुई रेलवे चौक पर समाप्त हुई। रैली में भाग ले रहे मजदूरों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।
इस अवसर पर शाह ने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने रेलवे को श्रीनगर जाने वाले माल को जम्मू के बजाए उधमपुर में उतारने के आदेश दिए हैं।
रेलवे में माल उतारने वाले ठेकेदारों द्वारा दूसरे राज्यों के मजदूरों को माल ढुलाई के लिए लगाया जा रहा है। शाह ने प्रशासन और रेलवे के ठेकेदारों से अपील की है कि रेलवे में माल ढुलाई के लिए स्थानीय मजदूरों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि वह रेलवे में काम करने वाले ठेकेदारों का उधमपुर में स्वागत करते हैं। ठेकेदार बाहरी राज्यों के मजदूरों के बजाय स्थानीय मजदूरों को काम करने का मौका दे।
सरकार द्वारा लेबर कानून के तहत स्थानीय मजदूरों को प्राथमिकता देने के आदेश हैं। शाह ने प्रशासन से भी अपील की है कि रेलवे के अधिकारियों और ठेकेदारों से बात कर स्थानीय मजदूरों को काम दिलवाएं।
अगर ऐसा नहीं होता है तो वह मजदूरों के हक के लिए सड़कों पर उतरेंगे। इस अवसर पर कांग्रेस सेवा दल के नेता यशपाल शर्मा, नारायण दत्त शर्मा, सरदार सुरिंदर सिंह, राज सिंह, संजय सिंह, ओम प्रकाश आदि उपस्थित थे।