उधमपुर। लंबित मांगों के समर्थन में नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की काम छोड़ हड़ताल सोमवार को 15वें दिन भी जारी रही। इस दौरान स्थायी कर्मियों को काम पर लौटने के आदेश का विरोध जताया गया। वहीं, मांगें पूरी करने की बजाए बांटने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
निकाय निदेशक के आदेश को लेकर सफाई कर्मी नगर परिषद के उप चेयरमैन सुरेंद्र सिंह के पास पहुंचे और आदेश का जवाब देने की अपील की। इस अवसर पर आयोजित बैठक में सभी पार्षदों ने सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर विचार-विमर्श किया। सुरेंद्र सिंह खालसा ने सफाई कर्मचारियों को मंगलवार को बैठक में बुलाकर विचार करने का आश्वासन दिया। वहीं, प्रदर्शन के दौरान यूनियन प्रधान डेविड ने बताया कि निकाय निदेशक के आदेश को लेकर नगर परिषद के सदस्यों से विचार विमर्श किया है। मंगलवार को बुलाई गई बैठक के बाद अगली रणनीति बनाई जाएगी।