रामनगर। बसंतगढ़ तहसील के डूडू इलाके में स्थानीय लोगों ने कठुआ में आतंकियों के साथ मुठभेड़ के दौरान तीन पुलिसकर्मियों के बलिदान होने पर पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों ने केंद्र सरकार आग्रह किया कि जम्मू-कश्मीर से आतंकियों का जल्द से जल्द सफाया किया जाए।
शुक्रवार सुबह 10 बजे स्थानीय पूर्व सरपंच हंसराज के नेतृत्व में स्थानीय ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। लोगों ने पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए और केंद्र सरकार को आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब देने की मांग की है। पूर्व सरपंच ने कहा कि वीरवार रात के समय आतंकियों के साथ मुठभेड़ में जम्मू-कश्मीर पुलिस के तीन सीनियर ग्रेड कांस्टेबल बलिदान हो गए। पाकिस्तान की ओर से यह कायराना हरकत बार-बार जम्मू कश्मीर में की जा रही है। हम कड़े शब्दों में इसकी निंदा करते हैं।
उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से मांग की कि जम्मू-कश्मीर में आतंकियों का सफाया किया जाए। इसी के साथ कठुआ, उधमपुर, डोडा जिले के पहाड़ी इलाकों को सेना के हवाले किया जाए। वहीं, वीडीजी को मजबूत किया जाए। पूर्व सरपंच ने डॉक्टर जितेंद्र सिंह और गृहमंत्री से मांग की कि आतंकियों पर शिकंजा कसा जाए।